जहां एक ओर पूरे देश में ईद-उल-अजहा का पर्व अमन और भाईचारे के साथ मनाया जा रहा था, वहीं मथुरा के थाना कोसीकला क्षेत्र के गांव नगला मेव फालन में एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। देखते ही देखते पूरा गांव रणक्षेत्र में तब्दील हो गया और दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे व फरसे चले।
इस हिंसक झड़प में आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
घटना के संबंध में एक पक्ष के साबिर ने आरोप लगाया कि उनका परिवार ईद की नमाज अदा कर घर लौट रहा था, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और फरसों से हमला बोल दिया।
हमले में 45 वर्षीय तसलीमा, वाजिद, रियाज, उद्दीन और तबस्सुम गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं 55 वर्षीय नवाब पुत्र चंदा की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
फिलहाल सभी घायलों का इलाज मथुरा जिला अस्पताल में चल रहा है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।