वृंदावन में सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा बटोर रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को अब धार्मिक जगत से भी समर्थन मिलने लगा है। हिमांगी सखी ने खुलकर ‘कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)’ का समर्थन करते हुए इसे देश के युवाओं की आवाज बताया है।
धार्मिक नगरी वृंदावन पहुंचीं हिमांगी सखी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह इस नवगठित डिजिटल मंच को सकारात्मक दृष्टिकोण से देखती हैं। उनके मुताबिक कॉकरोच जनता पार्टी सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि व्यवस्था की खामियों और भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ उठ रही जनता की आवाज है।
उन्होंने कहा कि “कॉकरोच यह संकेत देता है कि व्यवस्था में कहां गंदगी है और कहां सफाई की जरूरत है।” हिमांगी सखी ने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री समेत शासन-प्रशासन से इस आंदोलन को गंभीरता से समझने की अपील भी की।
सरकार को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि इस आवाज को दबाने की कोशिशें सफल नहीं होंगी। प्रतीकात्मक अंदाज में उन्होंने कहा कि “कॉकरोच को जितना खत्म करने की कोशिश की जाएगी, वे उतनी ही तेजी से बढ़ेंगे।”
हिमांगी सखी के इस बयान के बाद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ एक बार फिर सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।