Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 24 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
होलीगेट पर सड़क निर्माण बना मुसीबत, ट्रैफिक पुलिस नदारद, जाम में फंसे लोग

मथुरा शहर के व्यस्ततम इलाकों में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के बीच ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। नगर निगम, एमवीडीए और पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा होलीगेट, आर्य समाज और लक्ष्मी नगर क्षेत्र में सड़क निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन ट्रैफिक कंट्रोल के इंतजाम न होने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे ज्यादा खराब स्थिति होलीगेट चौराहे पर देखने को मिली, जहां सड़क निर्माण के दौरान एक भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात नजर नहीं आया। रविवार होने के कारण बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे इलाके में लंबा जाम लग गया।

सड़क निर्माण के चलते आर्य समाज की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया गया, जबकि होलीगेट से डीग गेट जाने वाले रास्ते को केवल एक तरफ से चालू रखा गया। ऐसे में चौराहे पर ई-रिक्शा चालकों और ढकेल वालों का कब्जा दिखाई दिया, जिससे यातायात व्यवस्था और बिगड़ गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्ततम चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की गैरमौजूदगी ने हालात को और खराब कर दिया। लोग घंटों जाम में फंसे रहे और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Previous News

पुरानी रंजिश में फिर भड़की हिंसा, प्रधान परिवार पर हमला से धौलपुर गांव में दहशत

Next News

भीषण आग ने उजाड़ दी मेहनत की कमाई, 40 बीघा भूसा और चार बिटोरे जलकर राख