सायोनी घोष को लेकर दिए गए एक विवादित बयान पर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। डॉ. प्रदीप दीक्षित के कथित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विपक्षी दलों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद में बीजेपी नेता और नगर पालिका चेयरमैन डॉ. प्रदीप दीक्षित के एक बयान ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कथित तौर पर कहा कि जो कोई तृणमूल कांग्रेस सांसद सायोनी घोष का “कटा हुआ सिर” लाएगा, उसे 1 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा।
वायरल वीडियो में डॉ. प्रदीप दीक्षित भगवान शिव के अपमान का आरोप लगाते हुए सायोनी घोष के पुराने सोशल मीडिया पोस्ट पर नाराजगी जाहिर करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह बयान हिंदू देवी-देवताओं के कथित अपमान के विरोध में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिया गया।
सायोनी घोष से जुड़ा यह विवाद साल 2015 के एक पुराने सोशल मीडिया पोस्ट से संबंधित है, जो 2021 के पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान फिर चर्चा में आया था। उस मामले में उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई थी। हालांकि सायोनी घोष पहले ही सफाई दे चुकी हैं कि उस समय उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो गया था और पोस्ट हटाया जा चुका था।
इस बयान को लेकर कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर निशाना साधा है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष जियाउर रहमान ने कहा कि किसी महिला के खिलाफ इस तरह का बयान बेहद शर्मनाक है और मामले में एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।
वहीं बीजेपी जिला अध्यक्ष विकास चौहान ने कहा कि डॉ. प्रदीप दीक्षित का बयान उनकी व्यक्तिगत राय है और पार्टी का उससे कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि बीजेपी महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के पक्ष में है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक कार्रवाई सामने नहीं आई है, हालांकि शिकायत मिलने पर जांच की बात कही गई है।