मथुरा के थाना सुरीर क्षेत्र में 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर टूटा पड़ा 33 हजार केवी विद्युत लाइन का खंभा श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के लिए खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।
थाना सुरीर क्षेत्र के गांव परसौती गढ़ी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के मुख्य द्वार के पास 33 हजार केवी विद्युत लाइन का खंभा पिछले करीब दो माह से टूटा पड़ा हुआ है। इन दिनों क्षेत्र में अधिक मास की 84 कोसी परिक्रमा चल रही है, जिसके चलते प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय के पास ही परिक्रमार्थियों के लिए पानी का प्याऊ और विश्राम स्थल बनाया गया है, जहां दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। ऐसे में टूटा हुआ विद्युत खंभा किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते खंभे को नहीं बदला गया तो कभी भी जनहानि हो सकती है। आरोप है कि कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
गांव के पूरणमल, कमलेश और क्षेत्रपाल सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से जल्द खंभा बदलवाने तथा संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार करता नजर आ रहा है, जबकि समस्या लंबे समय से अधिकारियों की जानकारी में है।