मथुरा में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आगमन से पहले बुधवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भूतेश्वर रेलवे पुल के समीप रेलवे निर्माण कार्य के दौरान लगाया गया लोहे का गाटर अचानक गिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार रेलवे द्वारा चौथी रेलवे लाइन का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए ठेकेदार की ओर से रेलवे पुल के पास एक गाटर लगाया गया था। बुधवार तड़के एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली गाटर की सपोर्ट से टकरा गई, जिससे गाटर नीचे झुककर गिर गया।
गनीमत रही कि घटना के समय नीचे कोई वाहन मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद भूतेश्वर से लेकर डीग गेट तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। उस समय स्कूल खुलने का समय होने के कारण छात्र-छात्राओं और आम लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई बड़े वाहन सड़क पर ही फंस गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय मौके पर न तो यातायात पुलिस मौजूद थी और न ही स्थानीय पुलिसकर्मी, जिसके चलते काफी देर तक अव्यवस्था बनी रही।
बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का काफिला भी इसी मार्ग से होकर वृन्दावन जाने वाला था। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद गिरे हुए गाटर को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया।
मौके पर मौजूद चौकीदार ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली गाटर की सपोर्ट से टकरा गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।