Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 13 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
अधिक मास में ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सीओ और एसडीएम ने अधिकारियों संग की बैठक

अधिक मास में शुरू होने वाली ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मंगलवार शाम थाना बलदेव में क्षेत्राधिकारी महावन श्वेता वर्मा और उपजिलाधिकारी महावन उषा सिंह ने क्षेत्र के गणमान्य लोगों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

बैठक में परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने आम जनता से भी सुझाव मांगे, ताकि परिक्रमा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अधिकारियों ने बताया कि 17 मई से अधिक मास प्रारंभ हो रहा है, जिसके साथ ही ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा भी शुरू हो जाएगी। इसी को ध्यान में रखते हुए पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक के बाद क्षेत्राधिकारी श्वेता वर्मा और एसडीएम उषा सिंह ने संयुक्त रूप से परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर बिजली व्यवस्था में कमी पाई गई, जबकि एक स्थान पर बंबा की पुलिया टूटी हुई मिली। अधिकारियों ने बलदेव से महावन और राया से बलदेव तक मंदिरों एवं परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को जल्द समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।

इस दौरान नगर पंचायत बलदेव के चेयरमैन मुरारी लाल अग्रवाल, अधिशासी अधिकारी संजय सिंह, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा थाना बलदेव पुलिस मौजूद रही।

Previous News

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने किए ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन, बोले— 2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार

Next News

पत्नी से विवाद के बाद युवक छत पर चढ़ा, आत्महत्या की धमकी से गांव में मचा हड़कंप