मथुरा के विश्राम घाट स्थित प्रसिद्ध दशावतार गली में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान नृसिंह को श्रद्धा और भक्ति के साथ भव्य छप्पन भोग अर्पित किया गया। मंदिर परिसर में देर रात तक भक्तिमय माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
स्थानीय भक्तों ने बताया कि गली दशावतार में पिछले करीब 30 वर्षों से भगवान नृसिंह की लीला का मंचन और विशेष पूजा-अर्चना निरंतर आयोजित की जा रही है। भगवान नृसिंह, भगवान विष्णु के चौथे अवतार माने जाते हैं, जिन्होंने अपने परम भक्त प्रह्लाद की रक्षा के लिए हिरण्यकश्यप का वध किया था। इसी भक्तवत्सल स्वरूप की स्मृति में यहां विशेष आयोजन किया जाता है।
बताया गया कि यह धार्मिक आयोजन अक्षय तृतीया से प्रारंभ होता है और समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है। भंडारे के बाद भगवान नृसिंह के दर्शनों को आगामी लगभग 11 माह के लिए विश्राम दिया जाएगा।
इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और छप्पन भोग के दिव्य दर्शन का लाभ उठाया। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
नृसिंह सेवा समिति के सेवायत बैजनाथ चतुर्वेदी, अतुल चतुर्वेदी, गोपाल बिहारी चतुर्वेदी, धर्मेश शर्मा, अनंत चतुर्वेदी, विवेक चतुर्वेदी समेत अन्य सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं से भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।