धर्म नगरी वृंदावन से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आई है। केशीघाट पर यमुना की लहरों के बीच श्रद्धालुओं से भरा एक स्टीमर पलट गया इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना से ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन करने आए थे, लेकिन यमुना की सैर के दौरान उनका स्टीमर पॉटून पुल से टकराकर जलमग्न हो गया। हादसे के बाद केशीघाट पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही आगरा रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार पांडे, मथुरा जिलाधिकारी सीपी सिंह, और भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा। राहत और बचाव कार्य के लिए प्रशासन ने तत्काल 7 टीमों को मैदान में उतारा है। बड़ी संख्या में स्थानीय गोताखोर डूबे हुए लोगों को निकालने के प्रयास में जुटे हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने सेना और एनडीआरएफ की टीमों को भी मदद के लिए बुला लिया है। शाम करीब 5:30 बजे डीआईजी शैलेश कुमार पांडे ने आधिकारिक तौर पर 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है। सर्च ऑपरेशन युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। वहीं उन्होंने बताया कि अब तक करीब एक दर्जन से अधिक यमुना में लोगों को बाहर निकाला जा चुका है प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्टीमर की रफ्तार और पॉटून पुल से उसकी टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। लुधियाना से आया यह जत्था खुशियों के साथ दर्शन करने पहुँचा था, लेकिन इस हादसे ने पूरे ब्रज क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।