Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 08 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
इनकम टैक्स इंस्पेक्टर ने सातवीं मंजिल से कूदकर दी जान, पत्नी का विलाप देख नम हुईं आंखें

आगरा के संजय प्लेस स्थित आयकर विभाग कार्यालय में गुरुवार शाम दर्दनाक घटना सामने आई, जहां रिकवरी इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र मौर्य ने सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पत्नी शव से लिपटकर बार-बार कहती रही, “उठो ना… एक बार बात तो करो…”, जिसे सुन वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

जानकारी के मुताबिक 48 वर्षीय सुरेश चंद्र मौर्य शाम करीब 5:45 बजे अपने ऑफिस पहुंचे थे। उस समय कार्यालय बंद हो चुका था और अधिकांश कर्मचारी जा चुके थे। वह अपनी एक्टिवा से आए और पार्किंग में वाहन खड़ा करने के बाद सीधे बिल्डिंग के अंदर चले गए।

करीब 15 मिनट बाद तेज आवाज सुनकर सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचा तो सुरेश चंद्र मौर्य खून से लथपथ जमीन पर पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी और बेटा मौके पर पहुंचे। पति का शव देखकर पत्नी बदहवास हो गईं और फूट-फूटकर रोने लगीं। बेटे का भी रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार की हालत देखकर हर कोई भावुक हो उठा।

सहकर्मियों के अनुसार सुरेश चंद्र मौर्य काफी समय से मानसिक तनाव में थे और लोगों से कम बातचीत करते थे। बताया जा रहा है कि वर्ष 2022 में भी उन्होंने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Previous News

यूपी में खत्म हुई स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था, अब हर महीने 10 तारीख तक आएगा बिजली बिल

Next News

तमिलनाडु में विजय की सरकार का रास्ता साफ, कई दलों ने दिया समर्थन