Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 08 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
संस्कृति विश्वविद्यालय का विदाई समारोह बना यादगार, सुनील पॉल की कॉमेडी पर देर रात तक गूंजे ठहाके

मथुरा स्थित संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित विदाई समारोह 2026 खट्टी-मीठी यादों, शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और हास्य के रंगों से सराबोर रहा। अपनी पढ़ाई पूरी कर विदा ले रहे विद्यार्थियों की मायूसी को जूनियर्स ने रंगारंग कार्यक्रमों के जरिए खुशी में बदल दिया। वहीं प्रसिद्ध हास्य कलाकार सुनील पॉल ने अपनी जबरदस्त मिमिक्री और हास्य प्रस्तुति से पूरे सभागार को ठहाकों से गूंजा दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता, सीईओ डॉ. मीनाक्षी शर्मा, प्रति कुलपति प्रो. रघुराम भट्ट और कैप्स निदेशक डॉ. रजनीश त्यागी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान छात्रा सरस्वती ने गणेश वंदना पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत को भव्य बना दिया।

कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र जीवन की यादें हमेशा जीवन का अहम हिस्सा रहती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में ऐसा कार्य करें जिससे माता-पिता, शिक्षक और विश्वविद्यालय का नाम रोशन हो। वहीं सीईओ डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने और शिकायतों से दूर रहने की सलाह दी।

प्रति कुलपति प्रो. रघुराम भट्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रयास किया है और अब उन्हें जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ना है। वहीं डॉ. रजनीश त्यागी ने अपने खास अंदाज में विद्यार्थियों को जीवन में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों ने समारोह में एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बॉलीवुड गीतों पर समूह नृत्य, एकल नृत्य, गायन और बांसुरी वादन ने सभी का मन मोह लिया। मंच पर कश्मीर से कन्याकुमारी तक की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली। संस्कृति स्कूल ऑफ फैशन डिजाइनिंग के विद्यार्थियों ने भारतीय परिधानों में रैंप वॉक कर खूब तालियां बटोरीं।

समारोह के दौरान मिस्टर एंड मिस फेयरवेल का भी चयन किया गया। कार्यक्रम का संचालन छात्र दुर्गेश और नंदनी चतुर्वेदी ने शानदार अंदाज में किया।

कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण हास्य कलाकार सुनील पॉल रहे। उन्होंने नाना पाटेकर, धर्मेंद्र, मिथुन चक्रवर्ती, जॉनी लीवर और हिमेश रेशमिया की आवाज निकालकर लोगों को खूब हंसाया। उनकी हाजिरजवाबी और व्यंग्य से पूरा माहौल खुशनुमा हो गया।

कार्यक्रम के अंत में डीजे नाइट का आयोजन हुआ, जहां छात्र-छात्राओं ने देर रात तक जमकर डांस और मस्ती की।

 
 
Previous News

नौकरी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने वाला दिल्ली का आरोपी वृंदावन से गिरफ्तार

Next News

देवबंद का नाम बदलकर ‘देववृंद’ करने की मांग, फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र