Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 26 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
लखनऊ के शिखर सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नंदी की प्रतिमा भेंट कर मथुरा के अंकित बंसल को किया सम्मानित

मथुरा। लखनऊ के ताज होटल में आयोजित शिखर सम्मेलन में मथुरा से युवा उद्यमी एवं लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष अंकित बंसल ने सहभागिता की। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अंकित बंसल को भगवान नंदी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया।

सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, ओमप्रकाश राजभर सहित अनेक प्रमुख जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान अंकित बंसल ने मथुरा में प्रारंभ किए गए *'स्वच्छ ब्रज अभियान'* की जानकारी प्रमुख अतिथियों के समक्ष रखते हुए इसे राष्ट्रीय स्तर पर शुरू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ब्रज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए स्वच्छता बेहद आवश्यक है। इस दिशा में जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ ब्रज अभियान को एक व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है।

अंकित बंसल ने मथुरा में अभियान के अंतर्गत किए जा रहे प्रयासों और जनजागरूकता गतिविधियों से भी अवगत कराया। साथ ही मथुरा में प्रदेश सरकार एवं प्रशासन द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों, शहर के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं और ब्रज क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।

उन्होंने कहा कि मथुरा केवल एक शहर नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। इसलिए यहां स्वच्छता और विकास के प्रयासों को जनसहयोग के साथ आगे बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छ ब्रज अभियान को देशव्यापी स्वरूप देने के लिए सहयोग एवं समर्थन की अपील की।

सम्मेलन में मथुरा के स्थानीय मुद्दों, विकास कार्यों और स्वच्छता अभियान को राष्ट्रीय मंच पर रखने के साथ ही अंकित बंसल का सम्मानित होना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।

Previous News

मथुरा में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, मांट पुलिस ने राया फाटक के पास से दबोचा

Next News

छौली में खड़ंजा ऊंचा करने को लेकर खूनी संघर्ष सिर फटने के बाद भी FIR दर्ज न होने का आरोप, बसपा ने दी आंदोलन की चेतावनी