मथुरा के कोसीकलां में गोवंश चोरी की घटना में वांछित आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। थाना कोसीकलां पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने हरियाणा के नूंह निवासी 38 वर्षीय हुसैन उर्फ रांघड़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
पुलिस के अनुसार, बीती 12 और 13 नवंबर की रात कोसीकलां कस्बे के अग्रसेन चौक के पास गोवंश चोरी की घटना हुई थी। इसी मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। 23 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस और एसओजी टीम ने कोसी-न्यूकामर रोड स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास घेराबंदी की थी। इसी दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की बोलेरो पिकअप गाड़ी, एक तमंचा .315 बोर, पांच खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोसीकलां भेजा गया है। वहीं फरार साथी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है