Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 07 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
घनी आबादी में शराब की दुकान का विरोध, कॉलोनीवासियों ने DM को सौंपा ज्ञापन

मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित हंसराज कॉलोनी में देसी शराब की दुकान को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया है। कॉलोनीवासियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर घनी आबादी के बीच संचालित शराब की दुकान को तत्काल हटाने की मांग की है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि शराब की दुकान स्कूल और मंदिर के पास संचालित हो रही है, जिससे क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है। लोगों का कहना है कि दुकान पर दिनभर शराब पीने वालों का जमावड़ा लगा रहता है, जिसके चलते आए दिन गाली-गलौज, मारपीट और विवाद जैसी घटनाएं सामने आती रहती हैं।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब के नशे में लोग राह चलते अभद्र टिप्पणियां करते हैं, जिससे उन्हें घर से बाहर निकलने में असुरक्षा महसूस होती है। वहीं स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं पर भी फब्तियां कसने की शिकायत सामने आई है।

कॉलोनीवासियों के अनुसार, शराब की दुकान खुलने के बाद इलाके में चोरी और अन्य असामाजिक गतिविधियों में भी बढ़ोतरी हुई है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि दुकान पर निर्धारित समय सीमा का पालन नहीं किया जा रहा और देर रात तक अवैध रूप से शराब की बिक्री जारी रहती है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित और क्षेत्र की सुरक्षा को देखते हुए शराब की दुकान को जल्द से जल्द आबादी क्षेत्र से हटाया जाए, ताकि कॉलोनी में शांति और सुरक्षित माहौल कायम रह सके।

Previous News

उझानी गांव में जमीन विवाद, किसान परिवार ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

Next News

मथुरा-वृंदावन में होटल और गेस्ट हाउसों पर प्रशासन की कार्रवाई, कई संचालकों को नोटिस जारी