मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले शातिर आरोपी के खिलाफ जीआरपी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का एक मोबाइल फोन और 2500 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी को प्लेटफॉर्म नंबर 8 के अंतिम छोर पर झाड़ियों के पास से गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जीआरपी इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशनों और चलती ट्रेनों में चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रेलवे स्टेशन पर पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से आरोपी के संबंध में सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्लेटफॉर्म नंबर 8 के अंतिम छोर पर झाड़ियों के पास दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2500 रुपये नकद और चोरी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक कुमार पुत्र ऋषिपाल भगत, निवासी मिर्जापुर बिचौला, थाना उसैत, जिला बदायूं, उम्र करीब 19 वर्ष के रूप में हुई है।