मथुरा के आर्य समाज रोड स्थित लक्ष्मण प्रसाद स्कूल में विद्यार्थियों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में वेक अप वेलफेयर फाउंडेशन (WUF) ने सराहनीय पहल की है। फाउंडेशन के प्रयासों से विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं में सुधार हुआ है, जिससे अब छात्र-छात्राओं को पहले से बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन की ओर से नवनिर्मित टॉयलेट और स्नानघर का उद्घाटन संस्था के फाउंडर बृजेश दत्त चतुर्वेदी ने शिलापट्टिका का अनावरण कर किया।
गौरतलब है कि WUF फाउंडेशन इससे पहले भी विद्यालय के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य कर चुका है। संस्था की ओर से स्कूल में आरओ प्लांट लगवाया गया और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जर्जर इमारत को हटवाकर विद्यालय परिसर को समतल कराया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं विद्यालय परिवार की ओर से फाउंडेशन के सदस्यों का सम्मान किया गया।
इस आयोजन का एक खास और भावुक पहलू भी देखने को मिला, जब करीब 60 वर्ष पहले इसी विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर चुकी पूर्व छात्राएं कार्यक्रम में पहुंचीं। उन्होंने अपने पुराने दिनों की यादें साझा कीं और वर्तमान विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव बांटे।
इस अवसर पर WUF फाउंडेशन के फाउंडर बृजेश दत्त चतुर्वेदी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल बच्चों को शैक्षणिक सहयोग देना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना भी है।