उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गोवर्धन क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बेटे की शादी में शामिल होने आए 62 वर्षीय पिता की हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ के बसई बसगोई निवासी ओमप्रकाश अपने बेटे अरविंद की बारात में शामिल होने गोवर्धन के गांव गांठोली पहुंचे थे। शादी समारोह सब्जी मंडी के पीछे चल रहा था। इसी दौरान रात करीब 11 बजे ओमप्रकाश की गर्दन काटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया।
इस वारदात में मृतक के छोटे दामाद सुखवीर पर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि ससुर और दामाद के बीच पहले से विवाद चल रहा था। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना की पूरी सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
बेटे की शादी में पिता की दर्दनाक मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।