मथुरा जनपद के मांट क्षेत्र में मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से विधानसभा स्तरीय क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में राजकीय महाविद्यालय मांट में आयोजित इस कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का आयोजन स्वीप कोऑर्डिनेटर डॉ. दीन दयाल एवं विधानसभा स्वीप कोऑर्डिनेटर डॉ. रोली तिवारी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर स्वीप कोऑर्डिनेटर डॉ. दीन दयाल और ईएलसी कोऑर्डिनेटर डॉ. अखिलेश यादव की विशेष उपस्थिति रही।
क्विज प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। प्रतियोगिता को रोचक बनाने के लिए सात अलग-अलग चरण आयोजित किए गए, जिनमें बहुविकल्पीय प्रश्न, बॉम्बर राउंड, रैपिड फायर और मैच द वर्ल्ड जैसे राउंड शामिल रहे। क्विज मास्टर डॉ. अखिलेश यादव एवं डॉ. दीन दयाल ने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। प्रतिभागियों ने अपनी सामान्य ज्ञान, विषयगत समझ और त्वरित निर्णय क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
कड़े मुकाबले के बाद तीन टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी जगह बनाई। इनमें आदर्श इंटर कॉलेज मांट की रमाकांत, सचिन एवं बृज की टीम, कृषक इंटर कॉलेज टेटीगांव की काजल, सुहाना एवं ब्रज की टीम तथा राजकीय हाईस्कूल भद्रवन की प्रिया एवं तनु की टीम शामिल रहीं।
वहीं निबंध प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने लोकतंत्र, मतदान के महत्व और मतदाता जागरूकता जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस प्रतियोगिता में शीतल ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों और जिम्मेदार नागरिक बनने के प्रति जागरूक किया गया। आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकों के साथ ब्रज कृषक इंटर कॉलेज टेटीगांव के राकेश कुमार, संतोष कुमार एवं आनंद कुमार तथा ब्रज आदर्श इंटर कॉलेज मांट का विशेष सहयोग रहा।
इस प्रकार प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी और मतदान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।