मथुरा। जनपद में अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान थाना वृंदावन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक अभियुक्त को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 05 मई 2026 की रात करीब 10:10 बजे थाना वृंदावन पुलिस टीम द्वारा नियमित चेकिंग के दौरान रमणरेती चौराहे से धानुका आश्रम की ओर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमित पुत्र ओमप्रकाश, निवासी हनुमान नगर बेहट रोड, थाना कोतवाली देहात, जनपद सहारनपुर (उम्र लगभग 43 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ थाना वृंदावन में मु0अ0सं0 273/2026 धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस कार्रवाई को थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसमें चौकी प्रभारी रमणरेती उपनिरीक्षक शुभांशु यादव व कांस्टेबल जितेंद्र कुमार शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए इस तरह की चेकिंग आगे भी जारी रहेगी और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।