उत्तराखंड। विश्व प्रसिद्ध सात दिवसीय 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत शुभारंभ किया। ऐतिहासिक गौचर मेला मैदान में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर मेले की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने पंडित गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए।
जनपद चमोली पहुंचने पर गौचर हवाई पट्टी पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार और अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर चमोली पुलिस के जवानों ने मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया।
मेले के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को 'गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति पत्रकार सम्मान' और वरिष्ठ लेखक कृति नवानी को 'पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा व साहित्य प्रसार सम्मान' से सम्मानित किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाल दिवस के अवसर पर सभी बच्चों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं, सामाजिक सरोकारों और सामुदायिक एकता का जीवंत प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेला संस्कृति, बाजार और उद्योग के बेहतर समन्वय का उदाहरण है। इसके माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
सात दिवसीय मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, हस्तशिल्प एवं औद्योगिक प्रदर्शनी, खेल प्रतियोगिताओं, स्थानीय उत्पादों के प्रदर्शन और व्यापारिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इससे स्थानीय कलाकारों, प्रतिभाओं, कारीगरों और उद्यमियों को अपनी कला एवं उत्पादों को प्रदर्शित करने का विशेष मंच मिलेगा।
1943 से जुड़ा है गौचर मेले का इतिहास
गौचर मेले का इतिहास वर्ष 1943 से शुरू हुआ था। तत्कालीन डिप्टी कमिश्नर गढ़वाल के सुझाव पर इस आयोजन की शुरुआत एक व्यापारिक मेले के रूप में हुई थी। समय के साथ यह आयोजन औद्योगिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र बन गया और आज देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल, विधायक थराली भूपाल राम टम्टा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
गौचर मेले का यह आयोजन उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यापार को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।