आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। थाना एकता क्षेत्र के देवरी रोड पर तेज गति से आ रही ईको वैन ने पैदल जा रहे 17 वर्षीय किशोर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गढ़ी लाल सिंह, शमसाबाद निवासी गजेंद्र सिंह देवरी रोड पर राधिका हॉस्पिटल का संचालन करते हैं। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे उनका 17 वर्षीय बेटा तनीश घर की ओर जा रहा था। वह एक कर्मचारी के वाहन लेकर आने का इंतजार कर रहा था, लेकिन देर होने पर पैदल ही निकल पड़ा।
इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही ईको वैन ने तनीश को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर का सिर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। हादसे में खंभा भी टेढ़ा हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल तनीश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
हादसे के बाद वैन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। एक सड़क दुर्घटना ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं।