Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 09 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने की गोवर्धन पूजा, गायों को खिलाया गुड़-केला, गोवंश संरक्षण पर दिया जोर

दीपावली के पावन पर्व के बाद गोवर्धन पूजा के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर की गोशाला में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोवर्धन पूजा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गायों को तिलक लगाया, फूलों की माला पहनाई और अपने हाथों से गुड़ एवं केला खिलाकर गोसेवा की। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए गायों की रक्षा और गोवंश के संरक्षण का संकल्प दोहराया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में पहुंचकर सबसे पहले विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गोवंश को तिलक लगाया और गायों को अपने हाथों से गुड़ और केला खिलाया। मुख्यमंत्री गायों को उनके नाम से पुकारते और दुलार करते भी नजर आए।

पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत जैसे कृषि प्रधान देश में गाय का विशेष महत्व है। हमें हर हाल में गायों की रक्षा करनी है और उनके नस्ल सुधार की दिशा में भी काम करना है, ताकि पशुपालक समृद्धि की ओर आगे बढ़ सकें।

सीएम योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 7,700 से अधिक गोशालाओं के माध्यम से 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश का संरक्षण किया जा रहा है। सरकार गोवंश संरक्षण के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। सहभागिता योजना के तहत निराश्रित गोवंश को पालने वाले किसानों को प्रति गाय 1,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाती है। एक किसान अधिकतम चार गायों का पालन कर सकता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भारतीय परंपरा के अनुसार गाय और श्वान के लिए भोजन का हिस्सा निकालने तथा गोशालाओं में सहयोग कर गोसेवा करने की अपील भी की।

Previous News

मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जमुनापार पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

Next News

ट्रक के गुप्त तहखाने में छिपा रखा था 2 करोड़ का गांजा, पुलिस ने 441 किलो की खेप पकड़ी