दीपावली के पावन अवसर पर गोवर्धन विधानसभा सीट से भाजपा के संभावित प्रत्याशी प्रकाश सिंह भूतेश्वर स्थित प्राचीन श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने ठाकुर श्री बद्रीनाथ जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर के महंत श्री धनेश दत्त चतुर्वेदी ने उनका पटका पहनाकर स्वागत किया और मंदिर की प्राचीनता एवं धार्मिक महत्ता से अवगत कराया। इस दौरान प्रकाश सिंह ने ठाकुर जी के चरणों में नमन कर विश्व कल्याण की कामना की और देहरी पूजन भी किया।
दर्शन के दौरान प्रकाश सिंह पूरी तरह भक्तिभाव में नजर आए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर ठाकुर श्री बद्रीनाथ जी का आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर की दिव्यता और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि ठाकुर श्री बद्रीनाथ जी के दर्शन अलौकिक और दिव्य हैं। मंदिर में चारों ओर सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने बताया कि इस प्राचीन धाम के बारे में काफी कुछ सुना था, लेकिन आज दर्शन करने के बाद उन्हें ऐसा अनुभव हुआ, मानो धरती का स्वर्ग यहीं हो।
गौरतलब है कि प्रकाश सिंह का इस क्षेत्र से विशेष जुड़ाव रहा है। अब राजनीति के क्षेत्र में कदम रखते हुए उन्होंने जनसेवा का संकल्प लिया है। गोवर्धन विधानसभा से भाजपा के संभावित प्रत्याशी के रूप में उनके इस धार्मिक दौरे को लेकर भी चर्चाएं देखने को मिल रही हैं।