मथुरा में अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश का आंदोलन लगातार जारी है। शासन और प्रशासन की ओर से मांगों का समाधान नहीं होने पर अब नर्सिंग स्टाफ ने दीपावली के पावन पर्व पर भी विरोध प्रदर्शन किया। शनिवार को जिला महिला चिकित्सालय में नर्सिंग स्टाफ ने काले कपड़े पहनकर काला दिवस मनाया और अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की।
दरअसल, राजकीय नर्सेज संघ की ओर से 13 सूत्रीय मांगों को लेकर 9 अक्टूबर से चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है। शुरुआत में नर्सिंग स्टाफ काली पट्टी बांधकर अपने कार्यों का निर्वहन कर रहा था, लेकिन मांगों पर सुनवाई नहीं होने के बाद अब दीपावली पर भी विरोध का सिलसिला जारी रखा गया।
प्रदर्शन के दौरान नर्सिंग स्टाफ ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और बाद में तख्तियों को आग के हवाले कर अपना आक्रोश जाहिर किया।
नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि उनकी 13 सूत्रीय मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन शासन स्तर पर अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। इसी के विरोध में पूरे प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में नर्सिंग स्टाफ ने काले कपड़े पहनकर काला दिवस मनाया।
इस दौरान जिला महिला चिकित्सालय से हेमलता, आरती, मोनिका, राजवती, राजेश, राजवाला सहित अन्य नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा।