Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 06 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
बिहार में STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में तीन कुख्यात आरोपी ढेर; मनेर SHO रजनीश कुमार को भी लगी गोली

बिहार। पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। शेरपुर गंगा घाट के पास हुई इस मुठभेड़ में तीन आरोपी मारे गए, जबकि मनेर थाना प्रभारी (SHO) रजनीश कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक, पटना STF और जिला पुलिस की संयुक्त टीम अपराध नियंत्रण के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ आपराधिक पृष्ठभूमि के लोग शेरपुर इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ के दौरान मनेर SHO रजनीश कुमार के हाथ में गोली लगी। हालांकि, उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी रुकने के बाद मौके पर तीन लोग घायल अवस्था में मिले। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मारे गए लोगों की पहचान जेपी यादव, सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा और बबलू कुमार के रूप में बताई गई है।

PACS अध्यक्ष हत्याकांड से जुड़ा मामला

पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मुठभेड़ में मारे गए तीनों आरोपी मनेर के व्यापुर पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या के मामले में वांछित थे। पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को हुई इस हत्या में बबलू कुमार और सूरज कुमार कथित तौर पर शूटर की भूमिका में थे, जबकि जेपी यादव पर साजिश रचने का आरोप था।

मौके से हथियार और कारतूस बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल, एक देसी कट्टा और कई खाली कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अपराधियों की ओर से 24 से अधिक राउंड फायरिंग की गई, जबकि पुलिस ने जवाब में 18 राउंड गोलियां चलाईं।

तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Previous News

1.27 करोड़ हिंदू वोट कटने के दावे पर अखिलेश यादव का सवाल, बोले- मुख्यमंत्री को कैसे पता कि वोट हिंदुओं के ही कटे? SIR पर फिर गरमाई सियासत

Next News

दिवाली मनाने घर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, पानी से भरे गड्ढे में समाई कार - पति-पत्नी और 3 माह के मासूम की मौत