वृंदावन में भगवान श्रीकृष्ण पर दिए गए बयान को लेकर चल रहे विवाद के बीच संत समाज, धर्माचार्यों और गोस्वामी समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के समर्थन में संतों ने एकजुटता दिखाई।
बैठक में मौजूद धर्माचार्यों ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री का बयान शास्त्र सम्मत था, लेकिन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उन्होंने अपने बयान पर खेद जताया और माफी भी मांग ली है। संतों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस मामले को निजी और राजनीतिक स्वार्थ के चलते तूल दे रहे हैं।
बैठक के दौरान बागेश्वर धाम के प्रतिनिधि रोहित रिछारिया ने बताया कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आगामी दिसंबर माह में वृंदावन आएंगे। इस दौरान वह ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के दर्शन करेंगे और प्रस्तावित कथा के माध्यम से ब्रजवासियों से संवाद करेंगे।
बैठक में महंत मोहिनी शरण बिहारी, महामंडलेश्वर डॉ. अधिकारी गुरु महाराज सहित कई संत और धर्माचार्य मौजूद रहे।