कोसीकलां। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के जीवन में रोशनी लाने का संदेश देता है। इसी भावना को साकार करते हुए ब्रज प्रभात सेवा संस्थान के तत्वावधान में आर्य समाज धर्मशाला में भव्य दीपावली महोत्सव का आयोजन सेवा और समर्पण भाव के साथ किया गया। इस अवसर पर संस्थान की ओर से 271 गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को दीपावली मनाने के लिए आवश्यक त्योहार सामग्री वितरित की गई। सामग्री पाकर जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर खुशी और संतोष की मुस्कान दिखाई दी।
कार्यक्रम में संस्थान के संरक्षक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता तरुण सेठ, पूर्व पालिकाध्यक्ष रोशनलाल सौखिया, कन्हैयालाल गोयल, सीमा रानी, मंत्री प्रतिनिधि कर्मवीर चौधरी एवं योगेश धनोतिया ने जरूरतमंद परिवारों को सामग्री वितरित की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है। त्योहारों की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब समाज का प्रत्येक वर्ग खुशियों में सहभागी बने। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करना समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, सहयोग, संवेदना और भाईचारे का संदेश भी देती है। ऐसे सेवा कार्यों से समाज में सकारात्मक सोच विकसित होती है और जरूरतमंद लोगों को भी सम्मान के साथ त्योहार मनाने का अवसर मिलता है।
ब्रज प्रभात सेवा संस्थान की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से 271 परिवारों तक दीपावली की खुशियां पहुंचाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के प्रधान अनिल अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, धर्मदेव महाराज, संजय कृष्ण शास्त्री, महेश अग्रवाल, कपिल खंडेलवाल, धर्म प्रकाश, अन्नू पालीवाल, मनोज आर्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।