शेरगढ़। थाना शेरगढ़ क्षेत्र के ग्राम साहबनगर में पानी की टंकी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। टंकी से करीब 10 वर्षीय बालिका के गिरकर घायल होने के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। मामले को लेकर ग्रामीण ने उपजिलाधिकारी छाता से शिकायत कर टंकी के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी खलील ने एसडीएम छाता को दिए शिकायती प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव में बनी पानी की टंकी पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। टंकी पर कोई भी आसानी से चढ़ सकता है। आरोप है कि 3 नवंबर 2026 को उनकी करीब 10 वर्षीय बहन टंकी पर चढ़ गई और वहां से नीचे गिरकर घायल हो गई। हादसे में बालिका को काफी चोटें आईं।
सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी
शिकायतकर्ता का कहना है कि पानी की टंकी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से बच्चों के साथ कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। टंकी पर आसानी से पहुंचने की स्थिति भविष्य में भी किसी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
एसडीएम से लगाई सुरक्षा की गुहार
खलील ने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित जल निगम अधिकारियों को निर्देशित कर पानी की टंकी के चारों ओर बाउंड्री पर कंटीले तार लगवाए जाएं। साथ ही प्रवेश द्वार पर ताला लगाने की व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चे और अन्य लोग बिना अनुमति टंकी पर न चढ़ सकें।
अब देखना होगा कि शिकायत के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग कब तक मामले का संज्ञान लेते हैं और पानी की टंकी की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाता है।