मथुरा में महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के बीच थाना जमुनापार क्षेत्र के पानीघाट से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग छात्रा को पिछले दो साल से परेशान किए जाने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता के पिता के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाले सोनू और जितेंद्र नाम के दो युवक उनकी बेटी को कथित तौर पर लंबे समय से परेशान कर रहे हैं। आरोप है कि छात्रा जब स्कूल जाती है, तो रास्ते में उसका पीछा किया जाता है और अश्लील टिप्पणियां की जाती हैं।
परिवार का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया और पुलिस से शिकायत करने की बात कही, तो आरोपियों ने कथित तौर पर घर में घुसकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित परिवार का कहना है कि स्थानीय थाने में सुनवाई नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरन उच्चाधिकारियों के पास पहुंचना पड़ा। छात्रा अपनी मां के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और अधिकारियों को अपनी परेशानी बताकर कार्रवाई की मांग की।