त्योहारों के सीजन में रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है! ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हजरत निजामुद्दीन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के बीच अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इस ट्रेन के संचालन से मथुरा और आगरा समेत कई प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी, वहीं नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम होने की उम्मीद है।
रेलवे के मुताबिक, हजरत निजामुद्दीन से यह स्पेशल ट्रेन 5, 6 और 7 नवंबर को शाम 6 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी। ट्रेन फरीदाबाद, पलवल, होडल, कोसीकलां और छाता होते हुए रात 10 बजकर 15 मिनट पर मथुरा जंक्शन पहुंचेगी।
इसके बाद ट्रेन फरह, राजा की मंडी, आगरा कैंट, धौलपुर, मुरैना और ग्वालियर समेत विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए अगले दिन सुबह 6 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी।
वहीं, वापसी में झांसी से यह ट्रेन 6, 7 और 8 नवंबर को सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर रवाना होगी। ग्वालियर, मुरैना, धौलपुर और आगरा कैंट सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए ट्रेन दोपहर 12 बजकर 28 मिनट पर मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद शाम 4 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।
रेलवे की इस पहल से त्योहारों के दौरान दिल्ली, मथुरा, आगरा और झांसी के बीच सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। अनारक्षित स्पेशल ट्रेन के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और त्योहारों के दौरान यात्रा करना पहले के मुकाबले आसान हो सकेगा।