Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 01 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
विश्व कुश्ती चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता नीलम चौधरी का कोसीकलां में भव्य स्वागत, मां भगवती का किया दुग्धाभिषेक

कोसीकलां। कजाकिस्तान के अस्ताना में आयोजित सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में 50 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर देश और क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली महिला पहलवान नीलम चौधरी का कोसीकलां पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचीं नीलम चौधरी का समर्थकों और क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं तथा पुष्पवर्षा के साथ अभिनंदन किया।

नीलम चौधरी कमल किशोर वार्ष्णेय के आवास से मां भगवती मंदिर तक विशाल काफिले के साथ पहुंचीं। इस दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह उनका स्वागत किया गया और उनकी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर खुशी जताई गई।

मां भगवती मंदिर पहुंचकर नीलम चौधरी ने पंडित मोर मुकुट शास्त्री के सानिध्य में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। उन्होंने मां भगवती का दुग्धाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं और समर्थकों ने नीलम को फूल-मालाएं पहनाकर तथा पुष्पवर्षा कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष कमल किशोर वार्ष्णेय ने कहा कि नीलम चौधरी एक प्रतिभाशाली पहलवान हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक जीतकर देश और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नीलम आने वाले ओलंपिक में भी देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रचेंगी।

कमल किशोर वार्ष्णेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में खेलों को प्रोत्साहन मिल रहा है और भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

नीलम चौधरी ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने गुरु, माता-पिता, कमल किशोर वार्ष्णेय, अपनी पूरी टीम और क्षेत्रवासियों को दिया। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए मिले सम्मान और समर्थन के लिए धन्यवाद कहा।

इस मौके पर पंडित धर्मवीर शर्मा, संजय गर्ग, सौरभ जैन, अजय वार्ष्णेय, विनय उपाध्याय, कल्पेश जैन, अजय गोयंका, हरेंद्र ठाकुर, विशाल जायसवाल, राजू रोहिला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और समर्थक मौजूद रहे।

Previous News

राधाकुंड अहोई अष्टमी मेले में गैस सिलेंडर में लगी आग, मची अफरा-तफरी; टला बड़ा हादसा

Next News

ब्रज उत्सव में शरद अग्रवाल ने बांधा समां, तीन गीतों से जीता दर्शकों का दिल