प्रसिद्ध समाजसेवी श्री महावीर प्रसाद मानसिंहका के जीवन के सौवें वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में वृंदावन में भव्य नव दिवसीय आशीर्वाद प्राप्ति महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 16 से 24 नवंबर तक रुक्मणी विहार स्थित सेठ मुरलीधर मानसिंहका सेवा सदन में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में शिव शक्ति महायज्ञ, संत प्रवचन, सुंदरकांड पाठ और विभिन्न सेवा कार्य संपन्न होंगे।
आयोजकों के अनुसार, महावीर प्रसाद मानसिंहका ने समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। देशभर में जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने, मध्य प्रदेश के मक्सी में निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन और तिरुपति बालाजी में अन्नदान रसोई की स्थापना जैसे सेवा कार्य उनके योगदान का हिस्सा हैं।
महोत्सव के समापन पर उनके संपूर्ण भारत के सनातनी तीर्थों की यात्रा के संकल्प को पूरा करने का भी ऐलान किया गया है। आयोजन में देश के प्रख्यात संत, विद्वान और गणमान्य लोग शामिल होंगे।