मथुरा। घीया मंडी स्थित अबरार टीवी रिपेयरिंग की दुकान एवं मकान वाली तीन मंजिला इमारत में शनिवार सुबह करीब 9 बजे भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से इमारत में रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।