मथुरा। मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को रेलवे मजिस्ट्रेट सूर्यभान कुमार वर्मा के नेतृत्व में सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। सुबह से दोपहर तक चले इस अभियान में बिना टिकट यात्रा कर रहे करीब 125 यात्रियों को पकड़ा गया। रेलवे अधिकारियों ने इन यात्रियों से रेल किराए सहित लगभग एक लाख रुपये का जुर्माना वसूला।
मथुरा जंक्शन पर रेलवे की ओर से चलाए गए इस विशेष चेकिंग अभियान के दौरान करीब 15 ट्रेनों की जांच की गई। इनमें पंजाब मेल, ताज एक्सप्रेस, मंगला एक्सप्रेस, मिलेनियम एक्सप्रेस, समता एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, केरल एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस, नांदेड़ एक्सप्रेस, सोगरिया एक्सप्रेस, स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस, श्रीधाम एक्सप्रेस और प्रयागराज एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें शामिल रहीं।
अभियान के दौरान स्टेशन डायरेक्टर सुनील शर्मा भी मौजूद रहे। इस कार्रवाई में रेलवे कोर्ट के कर्मचारियों, टिकट चेकिंग स्टाफ, रेलवे सुरक्षा बल यानी आरपीएफ और राजकीय रेलवे पुलिस यानी जीआरपी के जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
रेलवे अधिकारियों के इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर अंकुश लगाना और रेल यात्रियों को नियमों के अनुसार यात्रा करने के लिए जागरूक करना रहा। रेलवे की इस कार्रवाई से बिना टिकट यात्रा करने वालों में हड़कंप देखने को मिला।