Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 26 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
शादी के 6 महीने बाद विवाहिता की मौत, दहेज हत्या के आरोप में ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप

मथुरा में दहेज की मांग को लेकर एक नवविवाहिता की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी के महज छह महीने बाद विवाहिता की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मायके पक्ष का आरोप है कि स्कॉर्पियो गाड़ी और 11 लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को जहरीला पदार्थ दिया गया। मामले में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजन एसएसपी कार्यालय पहुंचे, जहां मृतका की मां अपनी बेटी को न्याय दिलाने की गुहार लगाते हुए फूट-फूटकर रो पड़ी। पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस पर आरोपियों को बचाने का गंभीर आरोप लगाया है।

पूरा मामला मथुरा के थाना जैत क्षेत्र का है। हाथरस जिले के मुरसान थाना क्षेत्र के निवासी पवन शर्मा ने अपनी बेटी माधुरी शर्मा की शादी 6 मार्च 2026 को जैत थाना क्षेत्र के बड़ी आट्स निवासी कन्हैया के साथ की थी। पिता के मुताबिक, उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी।

मृतका के मायके पक्ष ने पति कन्हैया, ससुर नीरज, देवर ब्रह्मा और चचिया ससुर विष्णु पर स्कॉर्पियो गाड़ी और 11 लाख रुपये नकद मांगने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर माधुरी को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

पीड़ित परिवार के अनुसार, 14 अक्टूबर को माधुरी को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ दे दिया गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने इसकी जानकारी मायके वालों को नहीं दी। हालांकि, गंभीर हालत में माधुरी ने किसी तरह एक नर्स के फोन से अपने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि माधुरी की मौत के बाद उसका पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग अस्पताल से फरार हो गए। मामले में मायके पक्ष की शिकायत पर थाना जैत में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

वहीं, पीड़ित परिवार का दावा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ से मौत की पुष्टि हुई है। इसके बावजूद परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी में लापरवाही बरतने और मामले में उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।

स्थानीय पुलिस की कार्यशैली से नाराज होकर पीड़ित परिवार एसएसपी कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। इस दौरान मृतका की मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल नजर आया। मां का आरोप है कि पुलिस जानबूझकर मुख्य आरोपियों को बचा रही है।

अब पीड़ित परिवार की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनकी बेटी को न्याय दिलाया जाए।

Previous News

ललित कुंज आश्रम में स्वामी सरस देव जू महाराज का 473वां आविर्भाव महोत्सव, महंत मोहिनी बिहारी शरण का मनाया जन्मोत्सव

Next News

मां संचोली देवी की पदयात्रा का भव्य शुभारंभ, तरुण कुमार सेठ ने किया ध्वज पूजन