Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 25 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा में महिलाओं को जाल में फंसाकर ठगी 30 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद, आरोपी गिरफ्तार

मथुरा में महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर सोने-चांदी के कीमती आभूषण ठगने के मामले में थाना हाईवे पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हाथरस निवासी 32 वर्षीय आरोपी लोकेन्द्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं से संपर्क करता था और फिर उन्हें उनके पति व परिवार के सदस्यों के खिलाफ भड़काकर कथित तौर पर धोखाधड़ी करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद करने का दावा किया है।

मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में धोखाधड़ी कर महिलाओं से कीमती आभूषण ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, इस मामले में 9 सितंबर 2026 को मुकदमा संख्या 1044/2026 दर्ज किया गया था। मामले की जांच और आरोपी की तलाश के बाद पुलिस ने 25 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजकर 44 मिनट पर माल गोदाम रोड से आरोपी लोकेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान लोकेन्द्र पुत्र लक्ष्मण, निवासी नगला सुखा, थाना मुरसान, जनपद हाथरस, उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं से संपर्क करता था। इसके बाद कथित तौर पर महिलाओं को उनके पति और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ भड़काकर पारिवारिक रिश्तों में अविश्वास पैदा करता था। पुलिस का आरोप है कि महिलाओं को डराकर और गुमराह करके उनके कीमती आभूषण ठग लिए जाते थे।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने के कई आभूषण बरामद किए हैं। इनमें गले की कंठी, चेन, अंगूठी, कान के टॉप्स, हार, कंगन, चूड़ियां और मंगलसूत्र शामिल हैं। पुलिस ने बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई है।

पुलिस प्रेस नोट में आरोपी के खिलाफ हाथरस जंक्शन और मुरसान थाने में दर्ज अन्य मुकदमों का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने कथित तौर पर कितनी अन्य महिलाओं को अपना शिकार बनाया और बरामद आभूषण किन मामलों से संबंधित हैं।

फिलहाल थाना हाईवे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क करते समय सावधानी बरतें। किसी के बहकावे में आकर अपनी निजी जानकारी या कीमती आभूषण सौंपने से बचें।

Previous News

मथुरा में वाहन चोर गिरोह का खुलासा दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की 3 मोटरसाइकिल और अवैध चाकू बरामद

Next News

शरद पूर्णिमा पर बांके बिहारी मंदिर पहुंचे DM-SSP, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा