Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 24 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
यमुना प्रदूषण पर तीर्थ पुरोहित महासंघ ने उठाए सवाल, खर्च हुई धनराशि की उच्चस्तरीय जांच की मांग

मथुरा-वृंदावन में मां यमुना की स्वच्छता को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। यमुना में सीवर का पानी गिरने और प्रदूषण की समस्या को लेकर अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासंघ, ब्रजमंडल मथुरापुरी तीर्थक्षेत्र ने नाराजगी जताई है। महासंघ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से पत्र भेजकर यमुना की सफाई पर खर्च हुई धनराशि की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही आगामी कार्तिक माह के धार्मिक आयोजनों से पहले घाटों और प्रमुख मंदिरों के आसपास व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की अपील की है।

धर्मनगरी मथुरा में मां यमुना की स्वच्छता का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासंघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि पिछले दस वर्षों से यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद मथुरा, वृंदावन और गोकुल के घाटों तक सीवर का पानी पहुंचने की समस्या बनी हुई है।

महासंघ ने यमुना स्वच्छता अभियान के तहत खर्च की गई धनराशि के उपयोग पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। संगठन ने पंपिंग स्टेशनों की कार्यप्रणाली और भुगतान प्रक्रिया की भी जांच कराने की मांग उठाई है। महासंघ का कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

वहीं, आगामी कार्तिक माह में धार्मिक आयोजनों और श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए महासंघ ने विश्राम घाट और द्वारकाधीश मंदिर के आसपास आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है।

महासंघ ने प्रशासन से यमुना में सीवर का पानी गिरने की समस्या का समाधान करने और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने की अपील की है। अब देखना होगा कि संगठन की इन मांगों पर प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।

Previous News

पानीगांव में श्रद्धालु ले रहे पैराग्लाइडिंग का आनंद, कम खर्च में कर रहे आसमान की सैर

Next News

चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, मांट पुलिस की कार्रवाई