मथुरा में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना जमुनापार की मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में बताते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपलब्ध निःशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन के प्रति जागरूक किया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत 24 अक्टूबर को थाना जमुनापार की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। एसएसपी मथुरा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान पुलिस ने बताया कि बसों, रास्तों और सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़ की घटना होने पर डरने या चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करें और शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस टीम ने महिलाओं को व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। इसके साथ ही यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने और परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
अभियान के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवाओं 102 और 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, अग्निशमन सेवा 101 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से छात्राओं को जोड़ने पर जोर
मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में भी बताया। इस योजना के तहत यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई, एनडीए और सीडीएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रशिक्षण तथा विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।
पुलिस टीम ने बताया कि योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली और जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग एवं उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी उनकी सफलता में बाधा न बने।
थाना जमुनापार पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल सहायता लेने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।