मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिला एवं बाल सुरक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 21 अक्टूबर 2026 को थाना मगोर्रा की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने प्राथमिक विद्यालय मगोर्रा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान बालक-बालिकाओं को सुरक्षा, उनके अधिकारों, साइबर जागरूकता और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पुलिस टीम ने बच्चों को बताया कि बस, रास्ते या सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की छेड़खानी अथवा परेशान करने वाली घटना होने पर डरने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति टीम ने बच्चों को व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए स्वयं नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए 102, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, अग्निशमन सेवा 101 और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त पुलिस टीम ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में भी विस्तार से बताया। बच्चों को जानकारी दी गई कि इस योजना के माध्यम से यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई, एनडीए और सीडीएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रशिक्षण तथा विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली एवं जरूरतमंद अभ्यर्थियों को निःशुल्क कोचिंग और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, जिससे आर्थिक संसाधनों की कमी उनकी सफलता में बाधा न बने।
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत चलाया जा रहा यह जागरूकता अभियान बच्चों को सुरक्षित रहने, अपने अधिकारों को समझने और किसी भी आपात स्थिति में उचित सहायता प्राप्त करने के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।