मथुरा के थाना छाता क्षेत्र में 17 अक्टूबर 2026 को मिशन शक्ति फेज-6.0 के द्वितीय चरण के तहत महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि बस, रास्ते या सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़ की घटना होने पर डरने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें और जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज कराएं। इस दौरान महिला सुरक्षा के लिए 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन सहित विभिन्न जरूरी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में भी विस्तार से बताया गया। पुलिस टीम ने जानकारी दी कि इस योजना के तहत UPSC, UPPSC, NEET, JEE, NDA और CDS जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पात्र एवं जरूरतमंद अभ्यर्थियों को निःशुल्क कोचिंग और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा शिक्षा के अवसरों के प्रति जागरूक करना है।