Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 16 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
कांजीवरम की विशेष साड़ी से सजीं मां कात्यायनी, भव्य फूल बंगले में दिए दर्शन

वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन के राधा बाग स्थित 51 शक्तिपीठों में शामिल मां कात्यायनी मंदिर में शारदीय नवरात्रि के छठे दिन धार्मिक आयोजनों की धूम रही। इस अवसर पर मां कात्यायनी का विशेष पूजन-अर्चन कर भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में आकर्षक फूल बंगला सजाया गया, वहीं दक्षिण भारत से मंगाई गई विशेष कांजीवरम साड़ी धारण कराकर मां का मनोहारी श्रृंगार किया गया। मां के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

मंदिर के मुख्य पुजारी कमल तिवारी ने बताया कि नवरात्रि का छठा दिन मां कात्यायनी को समर्पित है। इस अवसर पर मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और मां के समक्ष विभिन्न पकवानों का भोग अर्पित किया गया। विशेष श्रृंगार और फूल बंगला आयोजन को आकर्षक रूप दिया गया।

मुख्य पुजारी के अनुसार, मां कात्यायनी के लिए दक्षिण भारत से विशेष कांजीवरम साड़ी मंगाई गई थी। इस साड़ी को तैयार करने में कारीगरों को करीब एक महीने का समय लगा। विशेष रूप से तैयार की गई इस साड़ी से मां का दिव्य श्रृंगार किया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।

वहीं, मंदिर ट्रस्ट के सचिव रवि दयाल ने बताया कि नवरात्रि के छठे दिन मंदिर के संस्थापक बड़े गुरु महाराज स्वामी श्री केशवानंद जी महाराज का तिरोधान महोत्सव भी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर साधु-संतों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई।

उन्होंने कहा कि स्वामी केशवानंद महाराज ने मंदिर की स्थापना कर भक्तों को मां कात्यायनी के दर्शन और आराधना का अवसर प्रदान किया। मंदिर प्रबंधन की ओर से उनके योगदान के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की गई।

मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं ने मां कात्यायनी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।

Previous News

नरी सेमरी मेले में सुरक्षा व्यवस्था का डीएम और एसएसपी ने लिया जायजा

Next News

CJP के तिरंगा मार्च से पहले दिल्ली में हलचल, अभिजीत दिपके के घर पहुंची पुलिस