मथुरा। गोवर्धन थाना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार, 14 अक्टूबर को महमदपुर चौराहे से जमुनावता चौराहे की ओर जाने वाले बाईपास मार्ग पर एक बाग के पास से आरोपी को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशिक उर्फ आकाश (27 वर्ष), पुत्र राजेंद्र, निवासी बीच का नगला, जईयापुर, थाना जमुनापार, मथुरा के रूप में हुई है। आरोपी थाना गोवर्धन में दर्ज मुकदमा संख्या 363/2026 में वांछित चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि मामले में साक्ष्य संकलन के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार और कांस्टेबल सचिन शर्मा शामिल रहे।