Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 14 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
किसानों की समस्याओं को लेकर मंडी सचिव कार्यालय पहुंचे किसान यूनियन के कार्यकर्ता, 3 दिन में सुधार नहीं तो अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

मथुरा में किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान क्रांति यूनियन के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बुधवार को नवीन गल्ला मंडी स्थित मंडी सचिव कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों के धान की समय से बोली लगाने, पीने के लिए स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने और रात में रुकने की व्यवस्था सहित विभिन्न मांगों को लेकर मंडी सचिव रेनू वर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के अंदर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो मंडी समिति में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

भारतीय किसान क्रांति यूनियन के उत्तर प्रदेश प्रभारी पंडित मानिक शर्मा और राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि मथुरा की नवीन गल्ला मंडी में पिछले तीन दिनों से किसानों के धान की बिक्री नहीं हो पा रही है। उनका कहना है कि मंडी में अधिकारियों द्वारा केवल एक-दो ढेरियों की बोली लगाकर काम समाप्त कर दिया जाता है, जबकि किसान अपनी उपज बेचने के इंतजार में परेशान हो रहे हैं।

यूनियन पदाधिकारियों ने मंडी समिति में पेयजल व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के लिए लगे आरओ चालू नहीं हैं, जिसके चलते किसानों को पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। वहीं, रात में ठहरने के लिए भी उचित व्यवस्था नहीं है।

पदाधिकारियों के मुताबिक, मंडी सचिव कार्यालय के ऊपर बना गेस्ट हाउस भी बंद रहता है, जबकि किसानों का धान खुले आसमान के नीचे पड़ा रहता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंडी के प्लेटफॉर्मों पर व्यापारियों का कब्जा है और किसानों को अपनी उपज रखने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

भारतीय किसान क्रांति यूनियन ने मंडी प्रशासन से किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने, धान की नियमित बोली लगवाने, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और रात्रि विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। यूनियन ने स्पष्ट किया कि तीन दिन में व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो किसान मंडी समिति में अनिश्चितकालीन धरना देने को मजबूर होंगे।

Previous News

औरैया में गैस सिलिंडर में लगी आग से मची चीख-पुकार, जलता सिलिंडर बाहर निकालने में चार लोग झुलसे

Next News

दिवाली से पहले सजेगा ब्रज, 23 अक्टूबर से शुरू होगा भव्य ब्रजरज उत्सव