Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 14 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
पुलिस लाइन में कार धोते समय करंट लगने से हेड कांस्टेबल के बेटे की गई जान

उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पुलिस लाइन में कार धोते समय करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद में तैनात हेड आर्मोरर सतीश के बेटे थे। हादसा पुलिस लाइन के मोटर ट्रांसपोर्ट (MT) विभाग के पास हुआ। घटना का करीब 1 मिनट 4 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

सबमर्सिबल पंप से पाइप लगाकर धो रहा था कार

मिली जानकारी के अनुसार, राहुल पुलिस लाइन स्थित MT विभाग के पास सबमर्सिबल पंप से पाइप लगाकर कार धो रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि करंट लगते ही राहुल जमीन पर गिर पड़ा और बेसुध हो गया।

CCTV फुटेज में कैद हुआ दर्दनाक हादसा

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में राहुल कार धोते हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज के अनुसार, कुछ ही देर बाद वह अचानक करंट की चपेट में आकर पीछे की ओर गिर जाता है। इसके बाद उसके शरीर में कोई हलचल दिखाई नहीं देती। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि बिजली का संपर्क हटाने के बाद राहुल को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गाजियाबाद में तैनात हैं मृतक के पिता

राहुल के पिता सतीश मूल रूप से एटा के निवासी हैं और वर्तमान में गाजियाबाद में हेड आर्मोरर के पद पर तैनात हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर अपने पैतृक गांव रवाना हो गए।

लापरवाही के पहलुओं की जांच जारी

मामले को लेकर सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि पुलिस लाइन के गैराज में करंट लगने से राहुल की मौत हुई है। घटना में किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं, इसकी बारीकी से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, पुलिस लाइन जैसे सुरक्षित परिसर में हुए इस दर्दनाक हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि करंट लगने की वजह क्या थी और घटना में किसी की लापरवाही सामने आती है या नहीं।

Previous News

गोविंद नगर पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, छेड़छाड़ होने पर 1090 पर शिकायत की अपील

Next News

शहर कोतवाल विनोद बाबू मिश्रा लाइन हाजिर, अजय कौशल को मिली कोतवाली की कमान