मथुरा में राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश का अपनी 13 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर आंदोलन लगातार जारी है। जिला महिला चिकित्सालय में नर्सिंग स्टाफ पांचवें दिन भी काली पट्टी बांधकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहा है। अपनी मांगों के समर्थन में नर्सिंग स्टाफ ने विरोध जताते हुए शासन और प्रशासन से जल्द समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।
राजकीय नर्सेज संघ की ओर से लंबे समय से लंबित 13 सूत्रीय मांगों को पूरा कराने के लिए कई बार प्रयास किए गए, लेकिन मांगों का निस्तारण नहीं होने पर संघ ने चरणबद्ध आंदोलन का रास्ता अपनाया है। इसी क्रम में 9 अक्टूबर से नर्सिंग स्टाफ काली पट्टी बांधकर कार्य कर रहा है।
जिला महिला चिकित्सालय के नर्सिंग स्टाफ की वरिष्ठ कर्मचारी हेमलता और आरती ने बताया कि उनकी 13 सूत्रीय मांगें काफी समय से लंबित हैं। मांगों को लेकर लगातार विरोध दर्ज कराया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को अगले चरण में ले जाया जाएगा।
नर्सिंग स्टाफ के अनुसार, 21 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से 10 बजे तक दो घंटे का कार्य बहिष्कार प्रस्तावित है। वहीं, 22 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से स्वास्थ्य महानिदेशालय परिसर में धरना-प्रदर्शन करने की योजना है।
अब देखना होगा कि नर्सिंग स्टाफ की लंबित मांगों पर शासन और प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं और आंदोलन को समाप्त कराने के लिए कोई ठोस पहल होती है या नहीं।