मथुरा। अमरनाथ विद्या आश्रम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को कानून, साइबर अपराध, पॉक्सो एक्ट और बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘लीगल अवेयरनेस’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। ल्यूमिरिस लीगल टीम के वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने विद्यार्थियों को कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी प्रोफाइल, अनुचित संदेशों और एआई तकनीक के दुरुपयोग से सतर्क रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता नीरज राठौर ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराध की स्थिति में डरने या घटना छिपाने के बजाय माता-पिता, शिक्षकों अथवा पुलिस को जानकारी देनी चाहिए। अधिवक्ता तुलसी गुप्ता ने पॉक्सो एक्ट और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस सहायता के लिए 112 इंडिया ऐप, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 नंबर के बारे में भी बताया।
अधिवक्ता विष्णु कुंतल ने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दुरुपयोग कर लोगों को किस प्रकार धोखा दिया जा सकता है। अमरनाथ गर्ल्स डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल वाजपेयी ने कहा कि कानून के प्रति जागरूकता विद्यार्थियों को सुरक्षित रखने और सही निर्णय लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मातृ-ध्यान के साथ हुआ। स्कूल कोऑर्डिनेटर शुभम वाजपेयी और प्रशासनिक अधिकारी सुयश वाजपेयी ने अतिथियों का स्वागत किया। विद्यार्थियों ने भी कानूनी अधिकारों और साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिवक्ताओं ने सरल भाषा में जवाब दिया। अंत में प्रधानाचार्य सुनील तिवारी ने ल्यूमिरिस लीगल टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मधुबाला शर्मा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।