मथुरा में महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अग्रसेन चौक को 5150 दीपों से रोशन किया गया। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने महाआरती कर महाराजा अग्रसेन को पुष्पांजलि अर्पित की। दीपों की जगमगाहट के बीच सामाजिक एकता और सेवा का संदेश भी दिया गया।
महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संगीतमय अग्रसेन चालीसा का पाठ किया गया। इसके बाद अग्रसेन चौक पर दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के महिला और पुरुष शामिल हुए। इस दौरान महाराजा अग्रसेन के प्रसिद्ध ‘एक ईंट, एक रुपये’ के सिद्धांत को याद किया गया। इस सिद्धांत के माध्यम से समाज में सहयोग, समानता और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों पर चलने और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।