मथुरा। मगोर्रा थाना क्षेत्र के जाजमपट्टी स्थित एसआरसी नर्सिंग स्कूल की प्रधानाध्यापिका के पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान केरल के कौंथरा क्षेत्र निवासी मैथ्यू जोसेफ के रूप में हुई है। उनकी पत्नी मगोर्रा क्षेत्र के रसूलपुर स्थित एसआरसी नर्सिंग स्कूल में प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि मैथ्यू करीब चार-पांच दिन पहले ही अपनी पत्नी से मिलने आए थे।
बताया गया है कि मैथ्यू को अत्यधिक शराब पीने की आदत थी। मंगलवार रात किसी बात को लेकर उनका पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद उन्होंने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।