फरीदाबाद के खेड़ी पुल थाना क्षेत्र में एक डेंटल सर्जन द्वारा आगरा नहर में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। बल्लभगढ़ की यादव कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय डॉ. सचिन, जो मोहना रोड पर क्लिनिक चलाते थे, शनिवार देर शाम इस घटना का शिकार हो गए।
जानकारी के अनुसार, डॉ. सचिन अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सेक्टर-87 स्थित बहन के घर से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि झगड़ा इतना बढ़ गया कि उन्होंने सेक्टर-17 पुल पर अपनी गाड़ी रोकी और अचानक नहर की ओर बढ़ गए।
पत्नी ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने धक्का देकर खुद को छुड़ाया और नहर में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, हालांकि अभी तक उनका कोई पता नहीं चल सका है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सर्च ऑपरेशन जारी है।