वृंदावन रोड और भूतेश्वर रेलवे स्टेशन के बीच रेल ट्रॉली और सोगरिया एक्सप्रेस की टक्कर के मामले में रेलवे प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। इस प्रकरण में एक रेल कर्मचारी और ठेकेदार के दो कर्मचारियों के खिलाफ आरपीएफ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
घटना शुक्रवार सुबह की है, जब रेल ट्रॉली सोगरिया एक्सप्रेस के इंजन से टकरा गई थी। इस हादसे में इंजन का कंप्रेसर फट गया, जिससे ट्रेन करीब 40 मिनट तक बाधित रही। बाद में क्षतिग्रस्त इंजन को अस्थायी रूप से ठीक कर मथुरा जंक्शन लाया गया, जहां उसे बदलकर ट्रेन को रवाना किया गया।
रेलवे अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गैंगमैन लटूरी, राजकुमार और धर्मेंद्र के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं, इस लापरवाही के चलते पीडब्ल्यूआई आर.के. विश्वकर्मा को निलंबित कर दिया गया है।
रेलवे के पीआरओ संजय कुमार गौतम के अनुसार, पूरे मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।